राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की.
अशोक गहलोत ने इस भेंट के दौरान धनखड़ के स्वास्थ्य पर अपनी फिक्र जाहिर की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना की। इस मुलाकात के उपरांत, गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से एक तस्वीर साझा की, जिसमें धनखड़ अस्पताल के बिस्तर पर बैठे हुए गहलोत से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं.
तस्वीर के साथ गहलोत ने लिखा, “एम्स अस्पताल, दिल्ली में भर्ती पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात कर कुशलक्षेम जानी. बीते कुछ समय में धनखड़ दो-तीन बार अचानक बीमार हुए हैं, जो चिंता की बात है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूँ.”
बीती 11 नवंबर को मॉर्निंग वॉक के दौरान पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अचानक गश खाकर गिर पड़े थे और काफी देर तक अचेत अवस्था में रहे थे। उनके संग मौजूद सुरक्षाबलों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पीसीआर वैन के जरिए घर पहुंचाया, जहां आईएलबीएस की टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। इसके पश्चात, उनकी नाजुक और गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस द्वारा एम्स ले जाया गया और वहां भर्ती कराया गया।
अस्पताल सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार, गुरुवार को एम्स के कार्डियो-थोरेसिक एंड न्यूरोसाइंसेज सेंटर में पूर्व उपराष्ट्रपति के हृदय की कार्यप्रणाली और तंत्रिका तंत्र से जुड़े कईहम मेडिकल टेस्ट संपन्न किए गए। चिकित्सकों के निर्देश पर धनखड़ फिलहाल अस्पताल में ही उपचाराधीन हैं और उनकी जांच रिपोर्टों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इन रिपोर्ट्स के आधार पर शनिवार को अंतिम चिकित्सा राय आने की संभावना है, जिसके पश्चात उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने की तारीख निश्चित होगी।